Delhi: मुहर्रम और कांवड़ यात्रा को लेकर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की दोहरी तैयारी, व्यवस्था पूरी तरह से चाकचौबंद

Delhi: मुहर्रम और कांवड़ यात्रा को लेकर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की दोहरी तैयारी, व्यवस्था पूरी तरह से चाकचौबंद

राजधानी दिल्ली में आगामी मुहर्रम और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। एडिशनल सीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि 6 जुलाई को मनाए जाने वाले मुहर्रम के दौरान पुरानी दिल्ली से पारंपरिक जुलूस निकलते हैं, जिन्हें लेकर ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह से चाकचौबंद कर दिया गया है।

एडिशनल सीपी गुप्ता ने कहा, “हमारा मुख्य काम ट्रैफिक को सुव्यवस्थित रूप से डायवर्ट करना है ताकि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकले और आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। इसके लिए डिटेल प्लानिंग की गई है और ट्रैफिक मूवमेंट पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।” उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली पुलिस के तमाम सीनियर अफसर मौके पर तैनात रहेंगे और लाइव मॉनिटरिंग के लिए सीसीटीवी की भी मदद ली जाएगी। उधर, श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर भी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। गुप्ता ने कहा, “कांवड़ यात्रा एक बड़ी धार्मिक यात्रा है जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और उत्तराखंड से जल लाकर अपने-अपने गंतव्यों तक पहुंचते हैं। इसके लिए हमने पहले से ही कांवड़ मार्गों की पहचान कर ली है। उन रास्तों पर विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।”

उन्होंने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल की सुविधा और यातायात नियंत्रण की दृष्टि से दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों – जैसे गाजीपुर, आनन्द विहार, मुंडका, नांगलोई और गोकुलपुरी – पर विशेष फोकस रहेगा। दिल्ली पुलिस की योजना के तहत जिन मार्गों से कांवड़ यात्रा या मुहर्रम जुलूस गुजरने हैं, वहां स्थानीय ट्रैफिक को पहले ही डायवर्ट किया जाएगा। इस संबंध में सोशल मीडिया, एफएम रेडियो और अन्य माध्यमों से आम जनता को लगातार अपडेट भी दिया जाएगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अलर्ट चेक करें और जुलूस या यात्रा वाले मार्गों से परहेज़ करें ताकि जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। दोनों धार्मिक आयोजनों को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक की यह दोहरी रणनीति लागू कर दी गई है, जिससे शहर की रफ्तार थमे बिना श्रद्धा और शांति बनी रहे।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img