Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि मंगलवार को बुलंदशहर के स्याना पहुंचे। कस्बा स्थित चंद्रावती पब्लिक स्कूल सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अनेक मत, अनेक संप्रदाय और अनेक परंपराओं के बावजूद अनेकता में एकता का प्रतीक है। हम सभी परमपिता परमेश्वर की संतान हैं और अपने अपने तरीके से ईश्वर की पूजा और इबादत करते हैं।

महामंडलेश्वर ने कहा कि आज भारत चिकित्सा, शिक्षा, तकनीक और सूचना के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी बन रहा है। भारत के डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिकों ने पूरी दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आज अमेरिका और यूरोपीय देशों के लोग भी भारत के चिकित्सकों से इलाज करा रहे हैं। सनातन परंपरा के साथ भारत विश्व गुरु बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
जैन समाज से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि युवाओं में नई सोच, नवाचार और कुछ नया करने का जज्बा है। मैं युवाओं की भावनाओं का सम्मान करता हूं। आने वाली पीढ़ियां हमारी धरोहर हैं।
कार्यक्रम का आयोजन चौधरी नरेंद्र त्यागी द्वारा किया गया जिन्होंने सभी आगंतुकों का आभार जताया। इस अवसर पर खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, पूर्व विधायक बुधपाल सिंह, पीके शर्मा, साजिद चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर रहमान और उमेश गोयल सहित कई गणमान्य लोगों ने महामंडलेश्वर का सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और युवा मौजूद रहे।


