BMW Accident: नोएडा में सड़क पर कुत्ता आने से बेकाबू हुई BMW, डिवाइडर से टकराई
नोएडा में सदरपुर चौकी के सामने रविवार देर रात सड़क पर अचानक कुत्ता आने से तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे कारोबारी को मामूली चोट आई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों एयरबैग खुल गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी के अनुसार, सेक्टर-44 निवासी कारोबारी नितेश चौहान रविवार रात करीब 12:15 बजे बीएमडब्ल्यू कार से आरके मॉल की तरफ से सेक्टर-44 स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। सदरपुर चौकी के सामने पहुंचने पर उनके मुताबिक अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कारोबारी को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। हादसे के समय बीएमडब्ल्यू कार में कारोबारी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था।
हादसे में बीएमडब्ल्यू के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल कारोबारी की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। फिलहाल हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।


