
Sitamarhi (मृत्युंजय) : नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद बागमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शिवहर जिले में कई स्थानों पर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे संभावित बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
स्थिति को देखते हुए शिवहर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है। साथ ही अभिभावकों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे छोटे बच्चों को नदी और तटबंध की ओर न जाने दें।
जिला प्रशासन ने लोगों से तटबंधों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।





