
Patna (मृत्युंजय) : बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कई मुद्दों पर खुलकर बयान दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लंबे समय से सार्वजनिक रूप से नजर न आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम तो चाहते हैं कि चार महीने बाहर रहें, इससे क्या फर्क पड़ने वाला है। यह सवाल राष्ट्रीय जनता दल से पूछा जाना चाहिए कि वह कहां हैं।
पंचायतों में टैक्स लगाए जाने और विपक्ष के आरोप कि सरकार अपना खजाना भर रही है, इस पर मंत्री ने कहा कि पहले इन लोगों के समय में लाठी, पिलावन और रैली की बात होती थी। इनके समय में मुख्यमंत्री आवास में लौंडा नाच होता था इसलिए इस तरह की बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत में विकास कैसे होगा, पंचायत का और विकास होगा इसी को लेकर यह टैक्स लगाया गया है।
वन नेशन वन इलेक्शन पर अशोक चौधरी ने कहा कि अगर चुनाव आयोग को 6 महीने की जरूरत है तो यह सही है क्योंकि चुनाव की तैयारी करनी पड़ती है। वन नेशन वन इलेक्शन बहुत अच्छा है क्योंकि साल भर लगातार होने वाले चुनावों से विकास प्रभावित होता है।
बंटी यादव एनकाउंटर के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो अपराधी है उनके साथ वही होगा जो पुलिस करती है। बिहार में सब कुछ नियम के तहत होता है।
वहीं अपने करीबी छोटू सिंह को पार्टी से निष्कासित किए जाने पर उन्होंने कहा कि पार्टी का जो फैसला है वह सही है। आगे पुनर्विचार करना होगा तो पार्टी फैसला करेगी।





