राज्यबिहारराज्य

Bihar : होमगार्ड अनुदेशक परीक्षा में मुन्ना भाई गिरफ्तार, चप्पल में छिपाकर लाया था ब्लूटूथ डिवाइस

Motihari (मृत्युंजय) : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा होमगार्ड के लिए आयोजित अनुदेशक की परीक्षा में नकल कराते हुए एक मुन्ना भाई और उसके सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मुन्ना भाई का नाम अविनाश कुमार है जो बेतिया का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार मोतिहारी के विभिन्न केंद्रों पर पुलिस विभाग के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी। एलएनडी कॉलेज में भी परीक्षा हो रही थी। इसी दौरान कदाचार मुक्त परीक्षा की जांच करने पहुंचे सदर डीएसपी दिलीप कुमार और सदर एसडीओ अरुण कुमार को एक अभ्यर्थी पर संदेह हुआ। जांच में पता चला कि वह अपने चप्पल में इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस छिपाकर परीक्षा हॉल में बैठकर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने तत्काल उसे दबोच लिया। मुन्ना भाई की निशानदेही पर पुलिस ने उसके सहयोगी को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि होमगार्ड के अनुदेशक के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इस बीच टाउन थाना क्षेत्र के एलएनडी कॉलेज से एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया। वह अपने चप्पल में ब्लूटूथ डिवाइस छिपाकर ले गया था और परीक्षा दे रहा था। पहले उसे गिरफ्तार किया गया और फिर उसकी निशानदेही पर उसके दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button