Bihar : भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

Gaya (मृत्युंजय) : गया शहर में गुरुवार को इस्कॉन मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन पर झूमते हुए शामिल हुए। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

रथयात्रा इस्कॉन मंदिर से शुरू होकर जयप्रकाश झरना, सिविल लाइंस, केदारनाथ मार्केट, जीबी रोड, टेकारी रोड, सूरजपुर रोड, काशीनाथ मोड़, महारानी पेट्रोल पंप और गोवाल बिगहा होते हुए पुनः इस्कॉन मंदिर पहुंची।

इस अवसर पर इस्कॉन मंदिर के पुजारी पंडित जगदीश श्याम ने बताया कि गया इस्कॉन द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की यह पांचवीं भव्य रथयात्रा निकाली गई है। उन्होंने बताया कि मंदिर में भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया और विशेष आरती संपन्न हुई। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के भजनों और हरिनाम संकीर्तन पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे।

पुजारी ने बताया कि रथयात्रा के समापन के बाद रात्रि में भगवान की विशेष आरती और पुनः छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। साथ ही लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे की व्यवस्था की गई है, जिसमें सभी श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ का महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।

इस्कॉन मंदिर प्रबंधन ने गया शहर और आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा और महाभंडारे में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद और महाप्रसाद प्राप्त करने की अपील की है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img