
Motihari (मृत्युंजय) : लखौरा थाना क्षेत्र के लखौरा चौक के पास स्थित राम-जानकी मंदिर से बीती रात चोरों ने पौराणिक अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर ली। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मूर्ति बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे में कुछ चोर मंदिर पहुंचे और वहां स्थापित राम, लक्ष्मण और सीता की अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब लोग पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मूर्ति गायब देखकर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने जांच शुरू कर पास के ही रहने वाले आरोपी आमोद कुमार साह को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की और बताया कि उसने मूर्ति जमीन में छिपा दी है। पुलिस आरोपी को साथ लेकर उस स्थान पर पहुंची, जहां से आरोपी ने खुद जमीन खोदकर मूर्ति निकालकर पुलिस को सौंपी।
इस मामले में पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। वहीं घटना के बाद मोतिहारी एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने क्षेत्र के पौराणिक मंदिरों में सीसीटीवी लगवाने के लिए लोगों को जागरूक करें। साथ ही लापरवाही बरतने पर एसपी ने पुलिस की गश्ती पार्टी और चौकीदार को निलंबित कर दिया है।





