AIIA Pharmacology Lab: AIIA की फार्माकोलॉजी लैब को मिला ट्रिपल आईएसओ सर्टिफिकेशन, अंतरराष्ट्रीय मानकों पर होगा शोध
नई दिल्ली। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (AIIA) की फार्माकोलॉजी लैब अब अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्य करेगी। इससे मेडिकल छात्रों और वैज्ञानिकों को जैविक प्रणालियों पर दवाओं के प्रभाव का अध्ययन करना आसान होगा, जबकि आम जनता को मानक पद्धति से विकसित दवाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. (वैद्य) पी.के. प्रजापति ने कहा कि बीआईएस से तीन श्रेणियों में आईएसओ सर्टिफिकेशन मिलना एआईआईए के लिए गर्व का क्षण है। यह शिक्षा, अनुसंधान और संस्थागत उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक आयुर्वेदिक अनुसंधान प्रणालियों के साथ अंतरराष्ट्रीय आईएसओ मानकों को जोड़ना गुणवत्ता, सुरक्षा और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
सीसीआरएच के महानिदेशक डॉ. सुभाष कौशिक ने कहा कि क्वालिटी, कमिटमेंट और लगातार सुधार, ये तीन स्तंभ किसी भी सिस्टम को सही दिशा में आगे बढ़ाते हैं। AIIA ने क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम, एनवायर्नमेंटल मैनेजमेंट सिस्टम और ऑक्यूपेशनल हेल्थ एंड सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम में सर्टिफिकेशन प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर एडिशनल प्रोफेसर डॉ. गालिब, डॉ. बिधान और डॉ. विजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
फार्माकोलॉजी लैब क्या है?
फार्माकोलॉजी लैब वह प्रयोगशाला है जहां वैज्ञानिक और छात्र दवाओं के जैविक प्रभाव का अध्ययन करते हैं। यहां प्रयोग, सिमुलेशन और डेटा विश्लेषण के माध्यम से यह पता लगाया जाता है कि दवाएं शरीर में कैसे काम करती हैं, उनकी क्रियाविधि और प्रभाव क्या हैं। यह लैब दवा की खोज और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


