Supreme Court on Stray Dogs: विजय गोयल ने सुप्रीम कोर्ट के आवारा कुत्तों को शेल्टर भेजने के आदेश का स्वागत किया, पूरे देश में लागू करने की मांग
रिपोर्ट: रवि डालमिया
लोक अभियान के संयोजक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली-एनसीआर के सभी आवारा कुत्तों को शेल्टर हाउस भेजने के आदेश का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने इसे “मानव जीवन और आवारा पशुओं दोनों की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक कदम” बताते हुए मांग की कि यह आदेश पूरे देश में लागू किया जाए।
गोयल ने कहा कि इससे कुत्तों को सुरक्षित आश्रय, भोजन और देखभाल मिलेगी, साथ ही लोगों पर होने वाले हमलों में कमी आएगी।
गोयल ने सभी पशु प्रेमियों से आदेश के साथ सहयोग करने की अपील की और कहा कि सच्ची करुणा का अर्थ इंसान और पशु दोनों की सुरक्षा है। आलोचनाओं पर जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में उनके शांतिपूर्ण प्रयासों को विरोध, धमकियों और गालियों का सामना करना पड़ा, लेकिन आज का फैसला निवासियों और आरडब्ल्यूए की सुरक्षा की मांग को सही ठहराता है।
आंकड़े साझा करते हुए गोयल ने बताया कि देश में 12 करोड़ कुत्ते हैं, जिनमें से दिल्ली में ही 8 लाख आवारा कुत्ते हैं, और रोज़ाना लगभग 2000 कुत्ते लोगों को काटते हैं। भारत में हर साल 20,000 से अधिक लोग रेबीज़ से मरते हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश बाध्यकारी है और इसके क्रियान्वयन में देरी या बाधा डालने वालों पर अदालत की अवमानना लागू हो सकती है। गोयल ने सरकार से आदेश को अक्षरशः लागू करने और किसी भी बहाने से इसे कमजोर न करने की अपील की।





