Mathura : मथुरा से विधायक और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। हिमाचल दौरा कर मथुरा लौटे श्रीकांत शर्मा ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बयान देते हुए प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और विकास कार्यों पर अपनी बात रखी।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले पूरी तरह सरेंडर कर दिया है, क्योंकि वे भली-भांति जानते हैं कि प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे थे, लेकिन अब चुनौती देना तो दूर, वे खुद ही पीछे हट गए हैं और सरेंडर कर चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के विकास की सराहना करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। पहले के समय को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि एक दौर था जब अंधेरा शुरू होने और सड़कों के गड्ढों से यह पहचान होती थी कि उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश हो चुका है, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल गई है और प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वे बौखलाहट में हैं और एक षड्यंत्र के तहत केंद्र सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में जमानत पर बाहर है, वह देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को धमकियां दे रहा है। कांग्रेस की स्थिति पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मात्र 2 प्रतिशत की पार्टी बनकर रह गई है। यही कारण है कि उनके नेता जमीनी धरातल पर नहीं उतरते, क्योंकि उन्हें मालूम है कि जनता के बीच उनके लिए कुछ नहीं बचा है।





