Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा देहात क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए तिरुपति बंगाली स्वीट्स पर छापा मारा। परतापुर रोड स्थित इस दुकान पर शाम करीब पांच बजे टीम पहुंची और जांच में पाया कि वहां अस्वच्छ हालात में मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। मौके पर मिली करीब 650 किलो छेना मिठाई और गुलाब जामुन को टीम ने नष्ट करा दिया, जिसकी बाजार कीमत करीब 97 हजार रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम ने दुकान में बनी मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच की और छेना मिठाई के दो नमूने तथा गुलाब जामुन और चीनी का एक एक नमूना लेकर जांच के लिए क्षेत्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। खाद्य विभाग ने मिठाई बनाने वाली इकाई को मौके पर ही बंद करा दिया और संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है। अस्वच्छ मिठाइयों को इस लिए नष्ट किया गया ताकि वे बिक्री के लिए बाजार में न जा सकें। सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





