Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली लखनऊ नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम शाहपुर जट के पास हाईवे किनारे खड़ी एक पिकअप से तेज रफ्तार बाइक पीछे से टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक गाजियाबाद के नंदग्राम से बाइक पर सवार होकर गढ़ गंगा बृजघाट की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही उनकी बाइक एनएच नौ पर शाहपुर जट के पास पहुंची तो हाईवे किनारे खड़ी पिकअप संख्या आरजे 23 जीसी 4901 से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सीएचसी हापुड़ भेजा, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
मृतकों की पहचान गोविंद पुत्र रामेश्वर, रवि पुत्र रामेश्वर और ब्रजेश पुत्र हरि सिंह के रूप में हुई है। गोविंद और रवि सगे भाई थे और तीनों गाजियाबाद के नंदग्राम के रहने वाले थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





