Hapur News : हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में अठसैनी फ्लाईओवर के नीचे व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में व्यापारी का ई-रिक्शा चालक ही मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे ई-रिक्शा चालक अरमान सिम्भावली के एक व्यापारी का गेहूं लेकर गढ़ मंडी गया था। लौटते समय उसने अपने साथियों क्रिश और जुबैर को व्यापारी के पास रुपये होने की सूचना दी। इसके बाद तीनों ने मिलकर अठसैनी फ्लाईओवर के नीचे व्यापारी से करीब 26 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
सोमवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस ने मामले का खुलासा किया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि तीनों आरोपी सिम्भावली की गोवर्धन कॉलोनी के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से 10 हजार रुपये नकद, एक नीला बैग, रसीद बुक और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





