Hapur News : हापुड़ में नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार रात जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबनी सिंह ने पुलिस बल के साथ पक्का बाग से मां मंशा देवी मंदिर तक फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने चंडी मंदिर और मंशा देवी मंदिर पहुंचकर वहां के पुजारियों से बातचीत की और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च पक्का बाग से शुरू होकर बुलंदशहर रोड तक निकाला गया। अधिकारियों ने रास्ते में पड़ने वाले सभी दुर्गा पूजा पंडालों और मेला स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मातहतों को निर्देश दिए कि सभी पंडालों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
त्योहारों के दौरान भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन किया जाए और पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि आम लोगों को जाम से जूझना न पड़े। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिरों और पंडालों के आसपास पुलिस के साथ मजिस्ट्रेट की ड्यूटी भी लगाई गई है। उन्होंने नगर पालिका को मंदिरों के आसपास साफ सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी लोगों से त्योहारों को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।





