Hapur News : हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में स्थित सुख स्टील प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। यह फैक्ट्री ईपीई पैकेजिंग फोम बनाने और स्टोर करने का काम करती है। बताया जा रहा है कि आग शेड नंबर तीन में लगी, जहां बड़ी मात्रा में फोम रखा हुआ था। आग की ऊंची लपटें उठते ही फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और मजदूरों में अफरा-तफरी फैल गई। हादसे में तीन कर्मचारी झुलस गए।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम करीब चार बजकर चौदह मिनट पर शेड नंबर तीन में अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा दमकल केंद्र से दो और हापुड़ से दो दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। सीएफओ अजय शर्मा के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को चारों तरफ से घेरकर उस पर काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से फैक्ट्री के बाकी सात शेड और परिसर में रखा अन्य सामान जलने से बच गया, नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
आग के दौरान किसी कर्मचारी के अंदर फंसे होने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने सर्च एंड रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने शेड और आसपास के हिस्सों में आवाज लगाकर तलाशी ली और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस हादसे में तीन कर्मचारी झुलस गए। घायलों की पहचान बहादुरगढ़ निवासी नफीस उम्र 40 वर्ष, धौलाना निवासी जाबिर उम्र 48 वर्ष और कपूरपुर निवासी अब्दुल्ला उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों के पैर झुलसे हैं और उन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत सामान्य है।
सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया है और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


