Independence Day Traffic: नोएडा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर चेकिंग, 13 एंट्री प्वाइंट पर पुलिस की निगरानी; रात 10 बजे से डायवर्जन
नोएडा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। 15 अगस्त को दिल्ली में होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर से दिल्ली में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर 14 अगस्त की रात 10 बजे से रोक लागू होगी। यह व्यवस्था 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इसके साथ ही दिल्ली की ओर जाने वाले करीब 13 प्रमुख छोटे-बड़े प्रवेश मार्गों पर पुलिस और यातायात पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, हरिदर्शन बॉर्डर समेत प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यातायात पुलिस ने भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं।
इन मार्गों से जा सकेंगे वाहन
चिल्ला रेड लाइट बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और फिर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।
डीएनडी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को डीएनडी टोल लूप से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
कालिंदी कुंज-यमुना बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और उसके बाद ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन जीरो प्वाइंट से परी चौक, पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे। परी चौक से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए भी परी चौक से पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का रास्ता निर्धारित किया गया है।
यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को फलैदा कट, रबूपुरा से सर्विस रोड होते हुए जहांगीरपुर, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी और पलवल तिराहे के रास्ते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाने की सलाह दी गई है।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस के अनुसार डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, चिकित्सा और अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान दिल्ली जाने से पहले यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।


