Punjab : सुनाम हलके के 19,886 सरकारी स्कूल विद्यार्थियों को मिलेंगे स्कूल बैग, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने की पहल की शुरुआत

Chandigarh : पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम हलके में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बड़ी पहल शुरू की है। हलके के 129 सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 19,886 विद्यार्थियों को स्कूल बैग उपलब्ध करवाए जाएंगे। पहले चरण में 6वीं से 12वीं तक की 5,710 छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। यह कार्यक्रम लौंगोवाल स्थित शहीद स. भगवान सिंह सरकारी स्मार्ट स्कूल कन्यां में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अमन अरोड़ा की धर्मपत्नी सबीना अरोड़ा भी उपस्थित थीं।

अमन अरोड़ा ने बताया कि यह पहल उनके परिवार द्वारा बाबू भगवान दास अरोड़ा फाउंडेशन के माध्यम से की जा रही है। आने वाले दिनों में हलके के शेष विद्यार्थियों को भी स्कूल बैग दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को पढ़ाई की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुविधा देने के साथ-साथ उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास पैदा करना है।

कार्यक्रम में एन.ई.ई.टी. और जे.ई.ई. जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने वाले होनहार विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सुनाम हलके के 13 विद्यार्थियों ने एन.ई.ई.टी. और जे.ई.ई. में सफलता हासिल की है, जिनमें 8 छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया।

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। मेडिकल, नॉन-मेडिकल, डिफेंस और सिविल सर्विसेज सहित विभिन्न क्षेत्रों में लड़कियों ने अपनी प्रतिभा साबित की है। बेटियों की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व की बात हैं और उन्हें समान अवसर देना जरूरी है।

मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अभिभावकों को निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली से राहत दिलाने के लिए कानूनी कदम उठा रही है। नियमों के अनुसार कोई भी निजी स्कूल 5 प्रतिशत से अधिक फीस नहीं बढ़ा सकता। यदि कोई स्कूल इससे अधिक फीस लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस करवाई जाएगी। राज्य सरकार का उद्देश्य शिक्षा के व्यावसायीकरण को रोकना और अभिभावकों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ कम करना है।

अमन अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं देने पर विशेष ध्यान दे रही है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। आज पंजाब के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर, जिला पुलिस प्रमुख डॉ. रवजोत ग्रेवाल, जिला शिक्षा अधिकारी तरविंदर कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और नगरवासी उपस्थित रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img