Crime: गौड़ सिटी-1 के फ्लैट से सोने के आभूषण और टैबलेट चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Crime: गौड़ सिटी-1 के फ्लैट से सोने के आभूषण और टैबलेट चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नोएडा। गौड़ सिटी-1 की 7 एवेन्यू सोसाइटी में एक फ्लैट से सोने के आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवार 12 दिन बाद घर लौटा तो फ्लैट का सामान बिखरा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर बालकनी की ओर लगी खिड़की का शीशा तोड़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। बिसरख कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गुरमीत 22 जुलाई को परिवार के साथ झारखंड स्थित अपनी ससुराल गए थे। 1 अगस्त की सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि फ्लैट के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं, लेकिन बालकनी की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। घर के अंदर पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर सोने की एक चेन, एक मंगलसूत्र और एक टैबलेट चोरी होना पाया गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये बताई गई है।
गुरमीत का कहना है कि सोसाइटी में चौबीसों घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और प्रवेश-निकास पर निगरानी की व्यवस्था है। इसके बावजूद चोरों का फ्लैट तक पहुंचकर चोरी करना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।





