राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में खूनी संघर्ष में घायल भीम सिंह की मौत, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

Hapur News : जनपद हापुड़ थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव अकबरपुर बुकलाना में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हुए भीम सिंह की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर निगरानी रख रही है।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि कई लोग लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और तमंचों से लैस होकर भीम सिंह के घर में घुस आए थे। इस दौरान हुई फायरिंग और मारपीट में भीम सिंह, उनके पुत्र सागर समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए थे। गंभीर हालत में भीम सिंह और सागर को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान भीम सिंह ने दम तोड़ दिया।

घटना के संबंध में परविंद्र नागर की तहरीर पर पुलिस ने पहले ही नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अब घायल की मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाने की कार्रवाई करेगी।

भीम सिंह के निधन से गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तनाव की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button