Uttar Pradesh : हापुड़ में पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार, 8 बाइक और 1 स्कूटी बरामद

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई 8 बाइक और 1 स्कूटी बरामद की गई है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी जीशान निवासी गांव कशेरुआ थाना गजरौला जिला अमरोहा हाल पता मोहल्ला जाकिर कॉलोनी थाना लोहियानगर जिला मेरठ और मोनू उर्फ बब्बन निवासी गांव साहबपुर थाना गजरौला जिला अमरोहा को ततारपुर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने अपने तीन साथियों कामरान उर्फ बकरी निवासी मोहल्ला सोतीगंज सदर बाजार, अनस उर्फ गुब्बारा निवासी जली कोठी देहली गेट जिला मेरठ और नदीम उर्फ दीपक निवासी कस्बा गुलावठी जिला बुलंदशहर के साथ मिलकर दिल्ली, हापुड़ और अमरोहा जिलों से 8 बाइक और 1 स्कूटी चोरी की थी। इनमें से 5 बाइक हापुड़ जिले के नगर कोतवाली, थाना देहात और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
आरोपी चोरी की बाइकों को मेरठ, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के देहात क्षेत्र के लोगों को कम दामों में बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। जीशान कुख्यात बदमाश मुकीम काला के साथ मिलकर एक लूट की घटना को भी अंजाम दे चुका है।
जीशान के खिलाफ दिल्ली, अमरोहा, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद और हापुड़ के विभिन्न थानों में 18 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोनू उर्फ बब्बन पर 17 चोरी, लूट, हत्या, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के फरार तीन अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।





