राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : बुलंदशहर में वाराणसी से पवित्र कलश लेकर पहुंचा ‘समरसता संकल्प अभियान’ का रथ, कार्यकर्ताओं ने की पुष्पवर्षा

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “संत गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत वाराणसी से पवित्र कलश लेकर चला कलश रथ शुक्रवार को जनपद बुलंदशहर पहुंचा।

जनपद की सीमा में गुलावठी टोल पर पहुंचते ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पवित्र कलश रथ का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इसके बाद गुलावठी नगर में सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मी राज सिंह, नगर पालिका परिषद गुलावठी के चेयरमैन शैलेश तेवतिया, गुलावठी नगर मंडल अध्यक्ष राजीव सैनी, गुलावठी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हरिओम डांगर और बिलसुरी मंडल अध्यक्ष टिनी भाटी सहित मंडलों के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर कलश रथ का जोरदार स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धा, उत्साह और समरसता का माहौल देखने को मिला।

इस अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को वाराणसी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ था। उस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह ने बुलंदशहर जनपद के अभियान संयोजक और भाजपा जिला महामंत्री संतोष वाल्मीकि को पवित्र कलश सौंपा था।

इसके बाद जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक संतोष वाल्मीकि, सहसंयोजक गौरव मित्तल, ऋषभ पंडित, राहुल वाल्मीकि और प्रेमपाल पवित्र कलश लेकर बुलंदशहर जनपद की सीमा में प्रवेश किए। गुलावठी से लेकर बुलंदशहर नगर तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर कलश रथ का भव्य स्वागत किया।

तत्पश्चात कलश रथ भाजपा जिला कार्यालय कल्याण चौराहे पहुंचा, जहां मंडल अध्यक्ष भीष्म सिसोदिया सहित पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद कलश को जिला कार्यालय में श्रद्धापूर्वक स्थापित किया गया।

जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक संतोष वाल्मीकि ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज का जीवन समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानव सेवा का प्रेरणास्रोत है। वाराणसी से प्राप्त यह पवित्र कलश केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर आया है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से संत गुरु रविदास जी महाराज के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संत संपर्क अभियान, समरसता दीप अभियान, सामाजिक संवाद, समरसता संकल्प कार्यक्रम और विभिन्न जनजागरण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से संत गुरु रविदास जी महाराज के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर जिला मंत्री गौरव मित्तल, ऋषभ पंडित, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्णपाल सिंह केपी, प्रेमपाल, मंडल अध्यक्ष भीष्म सिसोदिया, जिला मीडिया प्रभारी अभिनव वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष लोकेश लोधी, सभासद त्रिभुवन नारायण समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button