राज्यबिहारराज्य

Bihar : मितमा गांव में पशु बलि को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, रोड़ेबाजी और फायरिंग में 8 से 10 लोग घायल

Nalanda (मृत्युंजय) : बिहार के नालंदा जिले में पशु बलि को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, रोड़ेबाजी और कई राउंड फायरिंग हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब 8 से 10 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।

घटना सिलाव थाना क्षेत्र के मितमा गांव की है। जानकारी के अनुसार आषाढ़ी पूजा के दौरान पशु बलि को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि शुरुआत बच्चों के बीच हुई मामूली नोकझोंक से हुई, जो देखते ही देखते दो पक्षों के बीच तनाव में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट, रोड़ेबाजी और फायरिंग की गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस बल के साथ हालात को नियंत्रित किया।

डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राम देवता की पूजा के दौरान विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से गोली का एक खोखा भी बरामद किया गया है। मामले की जांच जारी है।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।

Related Articles

Back to top button