FIR Case: PM मोदी के खिलाफ जंतर-मंतर पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में नोएडा में FIR

FIR Case: PM मोदी के खिलाफ जंतर-मंतर पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में नोएडा में FIR
नोएडा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रुचिका सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी से प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची और इसका उद्देश्य सामाजिक वैमनस्य पैदा करना तथा लोक-शांति को प्रभावित करना था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए प्रदर्शन से जुड़े वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही क्लिप की पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के साथ-साथ अन्य संबंधित तथ्यों की भी जांच की जाएगी।
मामले से जुड़ी एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी तेजी से प्रसारित हो रही है। इसमें एक व्यक्ति जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दे रहा है और पुलिस से आरोपी युवती की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बाद मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





