राज्यबिहारराज्य

Bihar : बाउंड्री विवाद में 10 राउंड फायरिंग, कंकौल गांव दहला, कई लोग घायल

Begusarai (मृत्युंजय) : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल गांव में जमीन की बाउंड्री को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और करीब 10 राउंड फायरिंग होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी और मारपीट की इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायलों का उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन की घेराबंदी को लेकर पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से हथियार निकल आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों में छिप गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर हिंसा और फायरिंग की घटना हुई है। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बरकरार है। पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

Related Articles

Back to top button