राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में कांवड़ यात्रा के दौरान शुद्ध भोजन के लिए क्यूआर कोड व्यवस्था लागू, शिकायत पर एक घंटे में होगी कार्रवाई

Hapur News : कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबों और रेस्तरां में क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। इन क्यूआर कोड को स्कैन कर श्रद्धालु खाद्य पदार्थों में मिलावट या अन्य अनियमितताओं की शिकायत सीधे ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे।

कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही विभागीय टीमों ने दिल्ली-लखनऊ हाईवे सहित विभिन्न कांवड़ मार्गों पर स्थित होटल, ढाबों और अन्य खानपान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान संचालकों को अपनी दुकानों के बाहर खाद्य लाइसेंस और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इन प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालु अपनी शिकायतें सीधे विभाग तक पहुंचा सकेंगे।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लिया जाएगा। शिकायत दर्ज होने के एक घंटे के भीतर संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच भी कराई जाएगी। विभाग ने शिकायतों के निस्तारण के लिए एक घंटे की समय-सीमा निर्धारित की है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर संचालित सभी होटल, ढाबों और रेस्तरां को अपना लाइसेंस सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के माध्यम से कोई भी कांवड़िया या श्रद्धालु खानपान से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकता है, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की टीम ने दुकानों और प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड लगाने का अभियान तेज कर दिया है। पिलखुवा स्थित मैकडोनाल्ड्स सहित कई प्रमुख प्रतिष्ठानों पर भी क्यूआर कोड लगाए गए हैं। यह अभियान कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा, पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button