राज्यबिहारराज्य

Bihar : भोजन परोसने में देरी से नाराज देवर ने भाभी का सिर धड़ से किया अलग, सिर पेड़ पर टांगा

Jehanabad (मृत्युंजय) : परस बीघा थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में बुधवार को भोजन देने में देरी को लेकर एक युवक ने अपनी भाभी की निर्मम हत्या कर दी। आरोप है कि युवक ने धारदार गंडासे से हमला कर भाभी का सिर धड़ से अलग कर दिया और कटे हुए सिर को गांव के बाहर एक बरगद के पेड़ पर टांग दिया। इस वीभत्स घटना से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

मृतका की पहचान लगभग 25 वर्षीय अंशु देवी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय अंशु देवी घर पर अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत में धान की रोपनी करने गए थे। इसी दौरान उनका छोटा देवर कुणाल कुमार खेत से घर पहुंचा और भोजन मांगा। बताया जाता है कि खाना परोसने में थोड़ी देर होने पर वह गुस्से में आ गया और घास काटने वाले धारदार गंडासे से अंशु देवी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर धड़ से अलग हो गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कटे हुए सिर को गांव के बाहर स्थित बरगद के पेड़ पर टांगकर फरार होने की कोशिश कर रहा था। पेड़ पर सिर लटका देख ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परस बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव और कटे हुए सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी कुणाल कुमार को हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button