Property Fraud: फर्जी भूखंड दस्तावेज दिखाकर फाइनेंस कंपनी से 4.46 लाख रुपये का ऋण लेने का आरोप
नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर फर्जी भूखंड के दस्तावेज दिखाकर फाइनेंस कंपनी से 4.46 लाख रुपये से अधिक का ऋण लेने का आरोप लगा है। कंपनी की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमित दास ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह इजी होम फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड में प्रबंधक हैं। सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर गांव में कंपनी का कार्यालय है और कंपनी भूखंड खरीदने तथा उस पर निर्माण कराने के लिए वित्तीय सहायता देती है।
शिकायत के अनुसार, फरवरी 2024 में मुजफ्फरनगर के खेड़ी रागडान गांव निवासी मोहित सिंह कंपनी के पास पहुंचा था। उसने बताया था कि वह वर्तमान में सेक्टर-68 में रहता है। आरोपी ने भूखंड से संबंधित दस्तावेज दिखाकर कंपनी से 4,46,269 रुपये का ऋण प्राप्त कर लिया।
बाद में कंपनी ने रजिस्ट्री कार्यालय से दस्तावेजों का सत्यापन कराया तो पता चला कि सादुल्लापुर गांव में मोहित सिंह के नाम कोई भूखंड ही नहीं है। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए गए। कंपनी ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन पर संपर्क नहीं हो सका।
इसके बाद कंपनी को कथित धोखाधड़ी का पता चला। थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद कंपनी ने न्यायालय का रुख किया। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।




