
Bhagalpur (मृत्युंजय) : भागलपुर में छात्र आंदोलन की आड़ में हुई हिंसा और उपद्रव के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। तिलकामांझी चौक पर हुए बवाल के संबंध में अब तक 49 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, वहीं 500 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इसके अलावा 16 लोगों से बॉन्ड भरवाकर उन्हें छोड़ दिया गया है। साथ ही पुलिस ने 155 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं। इन पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, पथराव और सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि जारी की गई तस्वीरों में यदि किसी की पहचान होती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।





