
Banka (मृत्युंजय) : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से बांका जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित डुमरामा में नव निर्मित सरस्वती विद्या निकेतन एवं आदर्श विद्यालय का उद्घाटन किया। यह उद्घाटन राज्यभर में एक साथ 551 सरस्वती विद्या निकेतन एवं आदर्श विद्यालयों के शुभारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया। उद्घाटन के समय विद्यालय परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
अमरपुर के बीडीओ प्रभात रंजन ने कहा कि इस विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय में आधुनिक संसाधनों, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका कहना था कि बच्चों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उनके बौद्धिक, नैतिक, शारीरिक और तकनीकी विकास के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हेमा कुमारी ने कहा कि बच्चों को अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय को क्षेत्र में उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बनाने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी नए विद्यालय के शुभारंभ पर खुशी जताई। बच्चों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें आधुनिक सुविधाओं के बीच बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करेंगे, अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे तथा भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर समाज और देश की सेवा करेंगे।





