Noida Crime: वायर बंडल चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी और सामान बरामद
नोएडा। थाना फेज-2 पुलिस ने वायर बंडल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 13 वायर बंडल, उन्हें बेचकर प्राप्त 96,640 रुपये नकद तथा एक आरोपी के पास से एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से सेक्टर-80 के डी-ब्लॉक क्षेत्र से शान मोहम्मद उर्फ सनी और रविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 4 जुलाई 2026 को एक कंपनी से वायर बंडल चोरी किए थे।
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए कुछ वायर बंडल पहले ही बेच दिए गए थे। कार्रवाई के दौरान शेष 13 वायर बंडल और बिक्री से प्राप्त 96,640 रुपये बरामद कर लिए गए। शान मोहम्मद के कब्जे से एक अवैध चाकू भी मिला है।
गिरफ्तार आरोपी शान मोहम्मद मूल रूप से फिरोजाबाद का निवासी है और वर्तमान में नई दिल्ली के देवली क्षेत्र में रह रहा था, जबकि दूसरा आरोपी रविंद्र सिंह आगरा का निवासी है और तिगड़ी, नई दिल्ली में रह रहा था। पुलिस अब चोरी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
