Operation Cy-Vajra: ऑपरेशन ‘Cy-Vajra’ के तहत नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 फर्जी कॉल सेंटर ध्वस्त, 49 आरोपी गिरफ्तार

Operation Cy-Vajra: ऑपरेशन ‘Cy-Vajra’ के तहत नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 फर्जी कॉल सेंटर ध्वस्त, 49 आरोपी गिरफ्तार
नोएडा, 15 जुलाई। उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी साइबर अपराध विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन Cy-Vajra’ के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान के दौरान साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए 49 आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने 700 से अधिक लोगों का सत्यापन भी किया और करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर एक सप्ताह तक चलाए गए विशेष अभियान का नेतृत्व पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की निगरानी में किया गया। डिजिटल इंटेलिजेंस, मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी जांच के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर साइबर अपराधियों द्वारा संचालित अवैध कॉल सेंटरों और म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे गिरोहों का भी पर्दाफाश किया जो साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनकी खरीद-फरोख्त का काम करते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर करने और उसकी ट्रैकिंग से बचने के लिए किया जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 67 मोबाइल फोन, 19 लैपटॉप, 76 सिम कार्ड, 81 डेबिट और क्रेडिट कार्ड तथा पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार और चिन्हित व्यक्तियों का 60 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से प्रत्यक्ष या परोक्ष संबंध सामने आया है। पुलिस इन मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।
जांच के दौरान मिले डिजिटल और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में उसका संबंध बड़े पैमाने पर साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से पाया गया। उसके कब्जे से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल साक्ष्यों का राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कई शिकायतों से संबंध सामने आया है। पुलिस अब इन सभी डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच करा रही है ताकि साइबर अपराध के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन ‘Cy-Vajra’ का उद्देश्य अवैध कॉल सेंटरों, म्यूल बैंक खातों और संदिग्ध बैंकिंग गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। गौतमबुद्धनगर पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और भविष्य में भी डिजिटल और मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




