राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida LED Street Lights: ग्रेनो वेस्ट के 17 गांवों में लगेंगी 2600 एलईडी स्ट्रीट लाइटें, डार्क जोन होंगे खत्म

Greater Noida LED Street Lights: ग्रेनो वेस्ट के 17 गांवों में लगेंगी 2600 एलईडी स्ट्रीट लाइटें, डार्क जोन होंगे खत्म

नोएडा, 15 जुलाई। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में जल्द ही करीब 2,600 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस परियोजना का उद्देश्य गांवों में वर्षों से बने डार्क जोन को समाप्त करना, रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों को बेहतर रोशनी उपलब्ध कराना है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और एक माह के भीतर कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली गई है।

प्राधिकरण के अनुसार जिन गांवों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी उनमें सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा शामिल हैं। इन सभी गांवों में लंबे समय से ऐसे स्थान चिन्हित किए गए थे जहां पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

इस परियोजना पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। साथ ही स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विस्तृत सर्वे भी पूरा किया जा चुका है और सभी स्थानों का चयन कर लिया गया है।

प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि अगले एक महीने के भीतर गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे रात के समय आवागमन आसान होगा, अपराध की संभावनाओं में कमी आएगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुरक्षा का अनुभव मिलेगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहले से ही पुराने सोडियम लाइट सिस्टम को हटाकर ऊर्जा की बचत करने वाली एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार अब तक सेक्टरों और गांवों को मिलाकर एक लाख से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। नई परियोजना पूरी होने के बाद डार्क जोन की संख्या में और कमी आएगी तथा पूरे क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर होगी।

Related Articles

Back to top button