उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Crime: घर में घुसकर परिवार पर धारदार हथियारों से हमला, तीन गंभीर घायल, पति ICU में भर्ती

Noida Crime: घर में घुसकर परिवार पर धारदार हथियारों से हमला, तीन गंभीर घायल, पति ICU में भर्ती

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित बहलोलपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई हमलावर धारदार हथियारों से लैस होकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में महिला, उसके पति और भतीजे समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता के पति की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कई नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बहलोलपुर निवासी लता यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे नितिन, गोलू, मलखान, देवन, करण, बिजेंद्र, कालू, देवन के साले सहित अन्य लोग पूर्व नियोजित साजिश के तहत उनके घर पहुंचे। शिकायत के अनुसार सभी आरोपी धारदार हथियारों से लैस थे और घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान उनके पति दिनेश यादव, बेटे अभिषेक, भतीजे रितिक और अन्य पर धारदार हथियारों से कई वार किए गए। इस हमले में रितिक के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आईं, जबकि दिनेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दिनेश यादव की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका आईसीयू में इलाज जारी है। अन्य घायलों का भी उपचार कराया जा रहा है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के जेठ सतपाल यादव पर भी आरोपियों ने हमला किया। जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिवार के सदस्य दहशत में हैं।

पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। सेक्टर-63 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button