Noida Fraud: रेलवे कर्मचारी बनकर एसबीआई से 14 लाख का लोन लेने का आरोप, फर्जी दस्तावेजों का खुलासा
Noida Fraud: रेलवे कर्मचारी बनकर एसबीआई से 14 लाख का लोन लेने का आरोप, फर्जी दस्तावेजों का खुलासा
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-51 स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 14 लाख रुपये का ऋण लेने का मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने स्वयं को भारतीय रेलवे का कर्मचारी बताकर मई 2022 में ऋण के लिए आवेदन किया था। उसने आवेदन के साथ वेतन पर्ची, सेवा प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज जमा किए, जिनके आधार पर बैंक ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर 14 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर दिया।
शाखा प्रबंधक देवांजली मुखर्जी ने बताया कि आरोपी की पहचान दिल्ली रेलवे कॉलोनी निवासी शिबू राम के रूप में हुई है। उसने स्वयं को दिल्ली रेलवे के प्रधान कार्यालय में सहायक लेखाकार के पद पर कार्यरत बताया था।
बैंक के अनुसार ऋण मिलने के बाद आरोपी ने लगभग एक वर्ष तक नियमित रूप से मासिक किस्तें जमा कीं, जिससे किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ। लेकिन बाद में उसने किश्तों का भुगतान बंद कर दिया। लगातार डिफॉल्ट होने पर अगस्त 2025 में बैंक ने उसके ऋण खाते को एनपीए घोषित कर दिया।
इसके बाद बैंक ने नोटिस जारी कर ऋण से जुड़े दस्तावेजों का दोबारा सत्यापन कराया। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा प्रस्तुत सेवा संबंधी दस्तावेज, नियुक्ति संबंधी जानकारी और पद का विवरण पूरी तरह फर्जी था। बैंक का आरोप है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से गलत जानकारी देकर बैंक से ऋण प्राप्त किया।
एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि बैंक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल था या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
