Noida Power CUT: ‘नो पावर कट ज़ोन’ में बिजली संकट पर एनसीएफ का मोर्चा, मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन

Noida Power CUT: ‘नो पावर कट ज़ोन’ में बिजली संकट पर एनसीएफ का मोर्चा, मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन
नोएडा। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी और “नो पावर कट ज़ोन” के रूप में पहचान रखने वाला नोएडा इन दिनों लगातार बिजली संकट से जूझ रहा है। अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग, जर्जर बिजली लाइनों और फॉल्ट की बढ़ती घटनाओं से परेशान नागरिकों की आवाज अब संगठित रूप से उठने लगी है। शुक्रवार को सामाजिक संस्था नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर यूपीपीसीएल/पीवीवीएनएल के मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाला नोएडा आज भी मूलभूत सुविधा बिजली के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सोसायटियों और ग्रामीण इलाकों में आए दिन अघोषित बिजली कटौती, बार-बार फॉल्ट, नीचे लटकते जर्जर तार, खुले ट्रांसफॉर्मर और करंट उतरते बिजली के पोल लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। इसके अलावा रात के समय बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान में अधिकारियों की अनुपलब्धता भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
बैठक के दौरान डूब क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। शालिनी सिंह ने कहा कि इन इलाकों में बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और परिवार रहते हैं, लेकिन उन्हें आज भी नियमित बिजली जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इन बस्तियों को अब अवैध बताकर सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है तो इनके बसने के समय प्रशासन ने कार्रवाई क्यों नहीं की।
मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर और बिजलीघर जलभराव की चपेट में आ गए हैं। ऐसे में सुरक्षा जांच पूरी किए बिना बिजली आपूर्ति बहाल करना जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण को भी पत्र भेजा गया है और विभाग प्राथमिकता के आधार पर सभी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहा है।
एनसीएफ ने शहर के लिए दीर्घकालिक विद्युत मास्टर प्लान तैयार करने, नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने, जर्जर बिजली लाइनों को बदलने, खुले ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, रात्रिकालीन आपातकालीन व्यवस्था मजबूत करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही अवैध बिजली आपूर्ति करने वाले तथाकथित बिजली माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा प्रत्येक उपकेंद्र पर 24 घंटे वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की भी मांग उठाई गई।
मुख्य अभियंता ने सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए नागरिकों से बिजली संबंधी शिकायतों के लिए विभाग की हेल्पलाइन 9193301659 का उपयोग करने की अपील की। वहीं एनसीएफ ने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो संस्था जनहित में आगे की रणनीति तय करेगी।



