
Bhojpur (मृत्युंजय) : जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बक्सर फोरलेन पर अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।





