Uttar Pradesh : हापुड़ में धागा फैक्ट्री में हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर 84 हजार रुपये लूटे

Hapur : जनपद हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र की एक धागा फैक्ट्री में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने फैक्ट्री से करीब 84 हजार रुपये की नकदी लूट ली। घटना के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, यह वारदात गांव झड़ीना स्थित स्पिनटेक्स प्राइवेट लिमिटेड धागा फैक्ट्री में वेतन वितरण के कुछ ही घंटों बाद हुई। गाजियाबाद निवासी शुभ जिंदल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार देर रात करीब एक बजे हथियारों से लैस बदमाश फैक्ट्री परिसर में घुस आए।
बदमाशों ने कर्मचारियों को हथियारों के बल पर डराया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद, उन्होंने फैक्ट्री मैनेजर कपिल गिरि केबिन से 48 हजार रुपये लूट लिए। अन्य कर्मचारियों से भी करीब 36 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फैक्ट्री प्रबंधन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया।





