राज्यउत्तर प्रदेश

Property Fraud: फ्लैट बेचने के नाम पर 34.80 लाख रुपये हड़पने का आरोप, दंपति के खिलाफ केस दर्ज

Property Fraud: फ्लैट बेचने के नाम पर 34.80 लाख रुपये हड़पने का आरोप, दंपति के खिलाफ केस दर्ज

 

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी ने दंपति पर फ्लैट बेचने का सौदा करने के बाद करीब 34.80 लाख रुपये लेने और बाद में संपत्ति का हस्तांतरण करने से इनकार करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता प्रमोद जोहरी ने बताया कि वह भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। एक परिचित और प्रॉपर्टी ब्रोकर के माध्यम से उनका संपर्क ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित निराला एस्पायर सोसायटी के फ्लैट मालिक इंदर प्रताप सिंह और उनकी पत्नी एकता सिंह से हुआ था।

प्रमोद जोहरी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच 24 अक्टूबर 2025 को फ्लैट बिक्री के लिए 95.75 लाख रुपये में एग्रीमेंट टू सेल (एटीएस) हुआ था। सौदे के तहत उन्होंने पांच लाख रुपये बयाना राशि के रूप में विक्रेता पक्ष को दिए थे।

उन्होंने बताया कि बाद में विक्रेताओं के आग्रह पर फ्लैट पर चल रहे एचडीएफसी बैंक के होम लोन को बंद कराने के लिए 21.79 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भी दिया गया। इसके अलावा अन्य आवश्यक भुगतान भी किए गए ताकि संपत्ति का हस्तांतरण निर्धारित समय पर हो सके।

शिकायत के अनुसार सभी आवश्यक शर्तें पूरी होने के बाद जनवरी 2026 में फ्लैट की रजिस्ट्री की तारीख तय की गई थी। लेकिन रजिस्ट्री से ठीक पहले विक्रेता पक्ष ने संपर्क कम करना शुरू कर दिया और बाद में सौदा आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह में हुई बैठकों के दौरान आरोपियों ने पहले से तय रकम के अतिरिक्त 12 लाख रुपये और देने की मांग की। जब इस मांग का विरोध किया गया तो फ्लैट का हस्तांतरण नहीं किया गया।

प्रमोद जोहरी का कहना है कि फ्लैट खरीदने की प्रक्रिया में अब तक उन्होंने बयाना राशि, होम लोन क्लोजर भुगतान, स्टांप शुल्क, टीडीएस और अन्य खर्चों सहित लगभग 34.80 लाख रुपये खर्च किए हैं। आरोप है कि विक्रेताओं ने प्राप्त धनराशि का उपयोग अपने बैंक ऋण का भुगतान करने में कर लिया, लेकिन फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं कराई।

मामले में कोर्ट के आदेश पर संबंधित कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button