उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Crime: गलगोटिया यूनिवर्सिटी के छात्र पर हमला, पुरानी रंजिश में चार आरोपी गिरफ्तार

Greater Noida Crime: गलगोटिया यूनिवर्सिटी के छात्र पर हमला, पुरानी रंजिश में चार आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के एक छात्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले में दनकौर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। छात्र पर हमला पुरानी रंजिश के चलते किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के कदरपुर गांव निवासी नन्हे खान ने मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका भतीजा शाहनवाज गलगोटिया यूनिवर्सिटी में डी फार्मा सेकंड ईयर का छात्र है।

घटना 19 जून की बताई जा रही है। शिकायत के मुताबिक शाहनवाज क्लास खत्म होने के बाद अपने एक दोस्त के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाला छात्र शेखर अपने कुछ साथियों के साथ कार से दनकौर कस्बे के बाहरी इलाके में पहुंचा।

आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर शेखर और उसके साथियों ने शाहनवाज को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने डंडों से उसके ऊपर हमला कर दिया। हमले में शाहनवाज गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल शाहनवाज को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज अभी जारी है।

पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर दनकौर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शेखर, प्रशांत, हरेंद्र और वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पुरानी रंजिश की वजह क्या थी और हमले की पूरी साजिश कैसे रची गई।

 

Related Articles

Back to top button