उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Airport Accident: विधायक के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी हाईवा से टकराई, सब इंस्पेक्टर की मौत

Noida Airport Accident: विधायक के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी हाईवा से टकराई, सब इंस्पेक्टर की मौत

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मथुरा की मांट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी के काफिले को एस्कॉर्ट कर रही पुलिस की गाड़ी एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास गलत दिशा से आ रहे हाईवा ट्रक से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर मांट विधायक राजेश चौधरी को लेकर मथुरा पुलिस लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह यादव एस्कॉर्ट वाहन के साथ जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। काफिला यमुना एक्सप्रेसवे से लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते एयरपोर्ट की तरफ बढ़ रहा था।

जैसे ही पुलिस का वाहन एयरपोर्ट इंटरचेंज पर पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहा हाईवा ट्रक गलत दिशा में चलते हुए पुलिस की गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एस्कॉर्ट वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हाईवा ट्रक के गलत दिशा में आने की बात सामने आई है। पुलिस चालक की लापरवाही समेत हादसे के अन्य कारणों की जांच कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद हाईवा चालक और वाहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button