उत्तर प्रदेशराज्य

Jewar International Airport: नोएडा एयरपोर्ट का 25 साल पुराना सपना आज होगा साकार

Jewar International Airport: नोएडा एयरपोर्ट का 25 साल पुराना सपना आज होगा साकार

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। जिले की धरती पर एक नया अध्याय जुड़ने वाला है, जब पहली बार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री विमान उड़ान भरेगा। इसके साथ ही जेवर क्षेत्र के लोगों का करीब 25 वर्ष पुराना सपना साकार हो जाएगा। साथ ही, एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल इस महत्वाकांक्षी हवाई अड्डे के संचालन की शुरुआत भी हो जाएगी।

नोएडा एयरपोर्ट का सपना सबसे पहले वर्ष 2001 में देखा गया था। हालांकि, बीच के वर्षों में कई बार परियोजना पर अनिश्चितता के बादल छाए और इसे गौतमबुद्ध नगर से आगरा स्थानांतरित करने तक की चर्चा हुई। बाद में भाजपा सरकार के कार्यकाल में परियोजना को दोबारा जेवर में स्थापित करने का निर्णय लिया गया। 25 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया था।

एयरपोर्ट परियोजना ने केवल हवाई संपर्क ही नहीं बढ़ाया, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति दी। गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और हरियाणा के कई जिलों में निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को बढ़ावा मिला। जिले में बड़े पैमाने पर निवेश आने के पीछे भी एयरपोर्ट को प्रमुख कारण माना जा रहा है। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट का दबाव होगा कम

नोएडा एयरपोर्ट के संचालन से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर यात्रियों और कार्गो का दबाव कम होने की उम्मीद है। यहां विमान ईंधन पर केवल एक प्रतिशत वैट लागू होगा, जबकि दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर यह 25 प्रतिशत है। इसके अलावा यूजर डेवलपमेंट फीस (यूडीएफ) भी अपेक्षाकृत कम रखी गई है, जिससे यात्रियों को सस्ती हवाई टिकट मिलने की संभावना है।

17 जून से कार्गो सेवाएं भी शुरू होने वाली हैं, जिससे माल ढुलाई व्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय व्यापार को नई मजबूती मिलेगी।

क्या बोले अधिकारी

शैलेंद्र भाटिया, नोडल अधिकारी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कहा कि जेवर के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक होगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली यात्री उड़ान का संचालन शुरू होगा। पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री Kinjarapu Ram Mohan Naidu सहित कई वीआईपी और वीवीआईपी अतिथि मौजूद रहेंगे।

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button