राज्यउत्तर प्रदेश

Noida: ससुराल पहुंचकर पति ने पत्नी पर किया चाकू से हमला, बचाव में आए ससुर को भी धमकाया; आरोपी गिरफ्तार

Noida: ससुराल पहुंचकर पति ने पत्नी पर किया चाकू से हमला, बचाव में आए ससुर को भी धमकाया; आरोपी गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा की एनआरआई सिटी सोसाइटी में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने अपनी ससुराल पहुंचकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए ससुर पर भी हमला करने का प्रयास किया गया। घटना में महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत एनआरआई सिटी सोसाइटी निवासी सुबोध कुमार ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-2 निवासी आकाश के साथ की थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही आकाश अपनी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था।

परिजनों के मुताबिक, लगातार बढ़ते विवादों के कारण करीब एक माह पहले महिला अपने मायके आकर रहने लगी थी। इसके बाद से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था।

बुधवार को आरोपी आकाश अपनी ससुराल पहुंचा। आरोप है कि जब उसकी पत्नी घर से बाहर निकल रही थी, तभी उसने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

महिला की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता सुबोध कुमार बचाव के लिए आगे आए, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह आरोपी को पकड़ लिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी आकाश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद से जुड़ा पाया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button