राज्यउत्तर प्रदेश

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था सख्त, किरायेदार सत्यापन अभियान तेज; 130 प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था सख्त, किरायेदार सत्यापन अभियान तेज; 130 प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात

नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत से पहले सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया गया है। एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम लागू किए गए हैं। यात्रियों, कर्मचारियों और एयरपोर्ट संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। इसके तहत एयरपोर्ट के आसपास रहने वाले किरायेदारों के सत्यापन अभियान को तेज कर दिया गया है, जबकि एयरपोर्ट परिसर में 130 से अधिक प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल थाना पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। एयरपोर्ट से संबंधित सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन प्रबंधन के लिए 130 से अधिक पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इनके प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए अपर पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी को जेवर एयरपोर्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल थाने के अंतर्गत माइल स्टोन-32, कार्गो टर्मिनल और डोमेस्टिक टर्मिनल चौकियों का गठन किया गया है। एयरपोर्ट के प्रवेश और निकास द्वारों पर पुलिसकर्मी तीन पालियों में चौबीसों घंटे सघन जांच अभियान चला रहे हैं। इसके अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

एयरपोर्ट की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के लिए विशेष पीसीआर वाहनों द्वारा लगातार सशस्त्र गश्त की जा रही है। साथ ही जेवर थाना पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग कर रही है तथा किरायेदार सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। एयरपोर्ट पार्किंग क्षेत्र में भी पुलिस की निरंतर निगरानी रहेगी।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल भवन के भीतर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहकर यात्रियों की सहायता करेंगे। महिलाओं से संबंधित शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए महिला पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती की गई है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी एयरपोर्ट परिसर में नियमित रूप से तैनात रहेगी। वहीं पार्किंग क्षेत्र में आधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रवेश द्वारों, पार्किंग और मुख्य मार्गों की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर नियमित सुरक्षा जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट की बाहरी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दयानतपुर, नीमका, थोरा, जहांगीरपुर और तिरथली में नई पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों से चौबीसों घंटे गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही एयरपोर्ट के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में स्थायी पुलिस पिकेट भी लगाए गए हैं।

यमुना एक्सप्रेसवे और केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) एक्सप्रेसवे पर एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए पांच नई पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। इन चौकियों को आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। भविष्य में इन्हें डिजिटल पुलिसिंग और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा, जिससे रियल टाइम निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।

पुलिस प्रशासन एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय संचालन को ध्यान में रखते हुए “जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल थाना” स्थापित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। प्रस्तावित थाने में पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त समेत कुल 70 पद सृजित किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

इसके अलावा एयरपोर्ट के निकट पुलिस लाइन, आवासीय परिसर, कार्यालय भवन और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण की योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। यमुना प्राधिकरण द्वारा पुलिस लाइन और आवासीय सुविधाओं के लिए लगभग 10 हजार वर्गमीटर भूमि आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं राजपत्रित अधिकारियों के कार्यालय, मीटिंग हॉल और गार्ड रूम के लिए अतिरिक्त भूमि भी प्रस्तावित की गई है।

आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए एयरपोर्ट के निकट दो आधुनिक अग्निशमन केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। इसके लिए लगभग 14,970 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है और निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सेवाएं मिल सकें।

Related Articles

Back to top button