Uttar Pradesh : हापुड़ में कबूतरबाजी पर शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, दो पक्षों के 16 नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा

Hapur : जनपद हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में कबूतरबाजी को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 1 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे प्रथम पक्ष के लड्डू उर्फ अंश और द्वितीय पक्ष के प्रशांत के बीच कबूतरबाजी को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने अपने-अपने समर्थकों को बुला लिया। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया। खूनी संघर्ष में लड्डू उर्फ अंश और प्रशांत को चोटें आईं। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना पर उपनिरीक्षक जगतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देखा कि गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र थे और कुछ लोग लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। पुलिस को मौके पर पहुंचता देख अधिकांश लोग भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। पहले जिम में हुए एक विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मुकदमेबाजी चल रही है। इसके बाद से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव बना हुआ था। ग्राम प्रधान चुनाव की गतिविधियों के चलते भी दोनों गुटों में गुटबाजी और खींचतान बढ़ गई थी।
मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 16 नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि प्रथम पक्ष की ओर से लड्डू उर्फ अंश, दीपक, प्रवेंद्र, साहिब, सन्नी, आरव, शुभम और अनुराग समेत अन्य अज्ञात आरोपितों को नामजद किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से प्रशांत, प्रमोद उर्फ ढिल्लू, सुशील, गौरव, पेरिस, रोहित, अर्जुन और परवेज समेत अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।





