Uttar Pradesh : हापुड़ में उद्यमी के घर में बंधक बनाकर लाखों की लूट, पुलिस ने शुरू की जांच

Hapur : जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला गिरधारीनगर में सोमवार रात करीब 12 बजे शहर के उद्यमी नरेंद्र अग्रवाल के घर में घुसे चार हथियारबंद बदमाशों ने लाखों के जेवर और नकदी लूट ली। नरेंद्र अग्रवाल के पोते सिद्धांत ने बताया कि वे रात को बाहर से घूमकर घर लौटे थे। इसी दौरान उनके पीछे-पीछे चार बदमाश अचानक घर में घुस गए। बदमाशों ने यहां मौजूद चौकीदार, नरेंद्र अग्रवाल, उनकी पत्नी और पोते सिद्धांत को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और करीब चार घंटे तक घर में रहकर पूरे घर को खंगाल लिया। बदमाश परिवार के लोगों को गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
परिवार के लोगों ने बंधनमुक्त होकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। देर रात एसपी ज्ञानंजय सिंह और सुबह डीआईजी कलानिधि नेथानी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीमों को लगाया गया है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।





