राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में युवती को बदनाम करने के लिए पूर्व प्रेमी ने बनाया फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, केस दर्ज

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में युवती को बदनाम करने के लिए पूर्व प्रेमी ने बनाया फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मिल्क लच्छी गांव में किराये पर रहने वाली एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी पर सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी ने उसके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाए और उन पर अभद्र पोस्ट डालकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने सेक्टर ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात नोएडा निवासी अरुण नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे दोस्ती हो गई थी। कुछ समय बाद आरोपी की शराब पीने की आदत को लेकर दोनों के बीच विवाद और मनमुटाव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर युवती ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी और उससे दूरी बना ली।

युवती का आरोप है कि संबंध खत्म होने के बाद आरोपी लगातार उसे और उसके परिवार को फोन कर परेशान करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवती का नाम और फोटो लगाकर फर्जी अकाउंट बना लिए। इन अकाउंट्स पर अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट डालकर उसे बदनाम करने की कोशिश की गई।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी की इन हरकतों से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई है। सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे गलत कंटेंट के कारण उसे समाज और परिचितों के बीच शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। परेशान होकर उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है। आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों और फर्जी अकाउंट्स की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर उत्पीड़न जैसे मामलों को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button