उत्तर प्रदेशराज्य

Bulandshahr: बुलंदशहर में हादसों का गुरुवार, अलग-अलग सड़क हादसों में 8 लोगों की मौत, जिले में मचा कोहराम

Bulandshahr: बुलंदशहर में हादसों का गुरुवार, अलग-अलग सड़क हादसों में 8 लोगों की मौत, जिले में मचा कोहराम

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गुरुवार का दिन बेहद दर्दनाक साबित हुआ। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए चार भीषण सड़क हादसों में कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही दिन में लगातार हुए इन हादसों से पूरे जिले में शोक और दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हादसों की जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा गुलावठी क्षेत्र में हुआ, जहां नोएडा से वृंदावन जा रही एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान Deepak, शिवम और कानपुर निवासी आर्यन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक और शिवम स्याना क्षेत्र के रहने वाले थे और एक वेब कंपनी में काम करते थे। हादसे में घायल विशाल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

दूसरा हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के कुडवल गांव में हुआ। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। हादसे में Ashok Kumar और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अशोक कुमार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में तैनात थे और छुट्टी पर घर आए हुए थे। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।

Bulandshahr

तीसरा हादसा सिकंदराबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर हुआ। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे दो राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में शाहजहांपुर निवासी दीपक और श्याम सुंदर की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक रोजगार की तलाश में बुधवार रात ही सिकंदराबाद पहुंचे थे। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

चौथा हादसा खुर्जा देहात क्षेत्र में हुआ, जहां दिल्ली पुलिस में तैनात एक सिपाही की रेसिंग सुजुकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में Yogesh की मौके पर ही मौत हो गई। योगेश जमालपुर गांव के रहने वाले थे और दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात थे। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

लगातार हुए इन हादसों के बाद बुलंदशहर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

एक ही दिन में 8 लोगों की मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Back to top button