Delhi Heatwave: दिल्ली में बढ़ती गर्मी का असर, हीट स्ट्रोक के दो मरीज आरएमएल अस्पताल में भर्ती

Delhi Heatwave: दिल्ली में बढ़ती गर्मी का असर, हीट स्ट्रोक के दो मरीज आरएमएल अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 25 मई: राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। हीट स्ट्रोक के दो मरीजों का इलाज डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक एक मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे मरीज की सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
आरएमएल अस्पताल की प्रवक्ता वैशाली भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 वर्षीय युवक की स्थिति अभी चिंताजनक है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। डॉक्टर मरीज को स्थिर करने के लिए जरूरी इलाज और मेडिकल सपोर्ट दे रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर 50 वर्षीय मरीज की हालत में पहले के मुकाबले सुधार देखा गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज उपचार के बाद रिकवरी की ओर बढ़ रहा है और उसकी सेहत में सकारात्मक बदलाव दर्ज किए गए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान के कारण हीट स्ट्रोक के मामलों में तेजी आ सकती है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।




