Noida crime : नोएडा में युवतियों पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Noida crime : नोएडा में युवतियों पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
नोएडा में राह चलती युवतियों पर कैंची से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अंकित वर्मा के रूप में हुई है, जो खोड़ा कॉलोनी में रहता है और सेक्टर-62 स्थित एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है।
पुलिस के अनुसार 22 मई को स्कूटी सवार आरोपी ने सुनसान इलाके में दो युवतियों पर कमर के नीचे कैंची से हमला किया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे सेक्टर-55/56 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कैंची और स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घरेलू विवाद के चलते मानसिक तनाव में था और गुस्से में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पीड़ित युवतियों को पहले से नहीं जानता था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अंकित की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी, लेकिन परिवार का कोई सदस्य थाने नहीं पहुंचा।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले पांच वर्षों से खोड़ा कॉलोनी में रह रहा था और सुनसान इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था।


